Kanpur: लोकसभा चुनावों को लेकर प्रशासन हुआ सक्रिय; इस दिन होगा कानपुर में मतदान…बढ़ाए गए पोलिंग स्टेशन


लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही जिले में प्रशासन सक्रिय हो गया। जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि शहर में चौथे चरण में 13 मई को मतदान होगा। 18 अप्रैल से 25 अप्रैल तक नामांकन होगा। कानपुर और अकबरपुर सीट पर मतदान एक ही दिन होगा, जबकि चार जून को मतगणना होगी। नामांकन जिला निर्वाचन अधिकारी के न्यायालय में होगा।  
 
सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 18 अप्रैल को निर्वाचन की अधिसूचना शहर में जारी की जाएगी। इसी के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन 25 अप्रैल तक होगा। नाम निर्देशन की जांच का अंतिम दिन 26 अप्रैल और नाम वापसी 29 अप्रैल तक होगी। 

इसके बाद 13 मई को मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस बार नगर में कुल 35,76785 मतदाता अपने मताधिकारी का प्रयोग करेंगे। जिसमें पुरुष मतदाता 19,11450, महिला मतदाता 16,65126 और 209 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। 

सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान पार्टियों की रवानगी नौबस्ता स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति से की जाएगी। मतदान के बाद ईवीएम को यहीं जमा भी किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नाम निर्देशन पत्र नगर सीट (43) के लिए न्यायालय जिला मजिस्ट्रेट नगर और अकबरपुर (44) के लिए न्यायालय अपर जिला मजिस्ट्रेट नगर में लिया जाएगा। 

कानपुर संसदीय क्षेत्र में मतदाता 

विधानसभा       पुरुष                       महिला        थर्ड जेंडर     कुल मतदाता 
आर्यनगर         16359                    140422             38             303969
सीसामऊ          143415                  126456             2         269873
किदवईनगर      184100                  165857             27        349984
गोविंदनगर          189812                167656            19        357487
कैंट                 199171                  171789              41        371001

अकबरपुर क्षेत्र में मतदाता 

विधानसभा        पुरुष         महिला      थर्ड जेंडर        कुल मतदाता
बिठूर              200154      172027              27        372208
महराजपुर       245293      208318              24        453635
घाटमपुर          178234     150858               6         329098
कल्याणपुर       191609     172822              11        364442
अकबरपुर         177032    155654              11        332697


55434 वोटर पहली बार करेंगे मतदान 

लोकसभा चुनाव में 18 से 19 आयु वर्ग के 55434 मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पहली बार जिले में दो युवा मैनेज्ड बूथ भी स्थापित किए जा रहे हैं। जहां मतदान कर्मी भी कम उम्र के लगाए जाएंगे। इसके अलावा प्रति विधानसभा में एक मॉडल बूथ स्थापित किया जाएगा। 

दिव्यांगों व बुजुर्गों को विशेष सुविधा 

जिले में दिव्यांग मतदाता 26478 हैं। 80 साल की उम्र पार करने वाले मतदाताओं की संख्या 53134 है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस बार पीडब्लूडी की ओर से जिले में एक दिव्यांग सहायक बूथ भी बनाया जाएगा। जहां सभी मतदानकर्मी दिव्यांग ही तैनात होंगे। इसके अलावा 80 पार बुजुर्ग मतदाताओं व दिव्यांगों के लिए पोस्टल बैलट की व्यवस्था की गई है। अगर वह चाहते हैं तो उन्हें इसकी सुविधा दी जाएगी। 

हर विधानसभा में एक पिंक बूथ 

पिछली बार की तरह इस बार भी हर विधानसभा में एक पिंक बूथ स्थापित किया जाएगा। जहां मतदान से जुड़े सभी कर्मचारी महिलाएं ही होंगी। 

महिलाओं का जेंडर रेशियों बढ़ा 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया सबसे अच्छी बात यह है कि इस बार महिलाओं का जेंडर रेशियों बढ़ा है। पहले जहां 1000 पर 841 महिलाएं थीं, वहीं अब उनकी संख्या बढ़कर 871 हो गई है। इससे मतदान प्रतिशत भी बढ़ेगा। 

100 पोलिंग स्टेशनों की बढ़ोत्तरी

लोकसभा चुनाव 2019 में जिले में 3514 पोलिंग स्टेशन व 1398 पोलिंग स्टेशन लोकेशन थे, जिसमें 100 की बढ़ोत्तरी हुई है। अब पोलिंग स्टेशन 3614 और पोलिंग स्टेशन लोकेशन 1411 हैं। इससे मतदाताओं को काफी सहुलियत मिलेगी। पहले कुछ मतदाताओं को काफी दूर जाना पड़ता था, अब उन्हें आसानी होगी।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.